भगतसिंह और साहित्य

 ख्वाबे-नाज से भारत को चौंकाता हूँ मैं

-सुधीर सुमन

भगतसिंह जीवित होते तो आज 28 सितंबर को 119 साल के होते। 23 मार्च 1931 को जब वे शहीद हुए, तब उनकी उम्र मात्र 23 साल थी। उनकी शहादत के बाद उनकी याद में कवियों, शायरों, नाटककारों और उपन्यासकारों ने बहुत सारी रचनाएं लिखीं। कविताओं का एक संकलन लगभग दो दशक पूर्व ‘फांसी लाहौर की’ नाम से प्रकाशित हुआ था, जिसमें एक शेर संकलित है, जो मौत के बावजूद भगतसिंह के ख्वाब के प्रभाव को जाहिर करता है। वह शेर इस प्रकार है-
मौत के आगोश में हूँ देर से सोया हुआ।
फिर भी ख्वाबे-नाज से भारत को चौंकाता हूँ मैं।
भगतसिंह इंकलाब में साहित्य की भूमिका को बहुत महत्व देते थे। ‘पंजाब की भाषा और लिपि की समस्या’ नामक लेख में उन्होंने लिखा है- ज्यों-ज्यों देश का साहित्य ऊँचा होता जाता है, त्यों-त्यों देश भी उन्नति करता जाता है। देशभक्त, चाहे वे निरे समाज-सुधारक हों अथवा राजनीतिक नेता, सबसे अधिक ध्यान देश के साहित्य की ओर दिया करते हैं। यदि वे सामाजिक समस्याओं तथा परिस्थितियों के अनुसार नवीन साहित्य की सृष्टि न करें तो उनके सब प्रयत्न निष्पफल हो जाएं और उनके कार्य स्थायी न हो पाएं।’’
छात्र जीवन में भारतेंदु के नाटक ‘भारत दुर्दशा’ में अभिनय करने वाले भगतसिंह की भाषा संबंधी नजरिया भारतेंदु से बहुत मिलता-जुलता है। भारतेंदु ने अपनी एक कविता में लिखा है- ''पढ़े संस्कृत जतन करि/ पंडित भै विख्यात/ पै निज भाषा ज्ञान बिन/ कहिन न सकत एक बात।'' भगत सिंह अपने लेख में लिखते हैं कि ’एक अच्छे समझदार व्यक्ति के लिए क्लिष्ट संस्कृत के मंत्र तथा पुरानी अरबी की आयतें इतनी प्रभावकारी नहीं हो सकतीं जितनी कि उसकी अपनी साधारण भाषा की साधारण बातें।’’
भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में हिन्दी कविता का भी योगदान कम नहीं है। बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ की एक चर्चित कविता है- विप्लव गान। कुलदीप नैयर ने अपनी किताब ‘शहीद भगत सिंह: क्रांति के प्रयोग’ में इसका जिक्र किया है कि इसकी शुरुआती पंक्तियों को भगतसिंह और बटुकेश्वर दत्त मुकदमे के दौरान अक्सर गाते थे-
एक हिलोर इधर से आए
एक हिलोर उधर से आए
सारा उलट-पुलट हो जाए
धुंआधार जगत में छाए
नाश और सत्यानाश की धूल
उड़ चले दाएं-बाएं
भगतसिंह का पंजाबी, हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी चार भाषाओं पर अधिकार था। उनकी अंग्रेजी पहले बहुत अच्छी नहीं थी, पर महज एक साल में ही उन्होंने अंग्रेजी बोलने और लिखने की ऐसी क्षमता हासिल कर ली थी कि कोर्ट में दिये गये उनके बयानों की विद्वान आज भी तारीफ करते हैं। बटुकेश्वर दत्त से उन्होंने बांग्ला भी सीखा था। उनके जेल नोटबुक में 106 लेखकों और 43 पुस्तकों के उद्धरण हैं। एक क्रांतिकारी नेता होने के नाते भगतसिंह इतिहास के गंभीर अध्येता तो थे ही वे एक क्रांतिकारी लेखक-पत्रकार भी थे। प्रख्यात पत्रकार शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी के ‘प्रताप’ में भी उन्होंने काम किया था। वे बलवंत और विद्रोही जैसे छद्म नामों से भी लिखते थे। पंजाबी और हिन्दी की पत्रिकाओं में उनके लेख छपते थे। उन्होंने अपने पहले के शहीदों और क्रांतिकारियों पर लेखमाला भी लिखे। भगतसिंह ने पुस्तकों की समीक्षाएँ भी लिखीं। साहित्य, भाषा, संस्कृति, धर्म, विश्वास-अंधविश्वास, नास्तिकता, सांप्रदायिक दंगों, अखबारों की सांप्रदायिक नीति, अछूतों के प्रश्न, किसान-मजदूरों के जीवन की बुनियादी समस्याओं, गांधीवाद, अराजकतावाद, हिंसा-अहिंसा, युवक, छात्र राजनीति, न्याय और कानून व्यवस्था आदि विभिन्न विषयों पर उन्होंने लेख लिखे। अदालत में दिये गये बयानों में भी उन्होंने सामाजिक-राजनीतिक-आर्थिक व्यवस्था को लेकर गंभीर विचारोत्तेजक प्रश्न उठाये, जो अब इतिहास की विरासत हैं और आज भी उन विचारों की प्रासंगिकता बनी हुई है।
भगतसिंह की शहादत के बाद अंबेडकर और पेरियार ने स्मृति लेख लिखे। बेनीपुरी ने लिखा। उनके जीवन और विचार पर यशपाल, मन्मथनाथ गुप्त, शिव वर्मा, विजयकुमार सिन्हा सरीखे उनके कई क्रांतिकारी साथियों ने लिखा। कहते हैं कि यशपाल के चर्चित उपन्यास ‘दादा कामरेड’ के केंद्र में चंद्रशेखर आजाद और भगतसिंह का ही चरित्र है। उनकी फांसी के विरोध में होने वाले प्रर्दशनों में एक गीत खूब गाया जाता था-
भगत सिंह के खून का असर देख लेना
मिटा देंगे जलिम का घर देख लेना
फाँसी की घोषणा के बाद कवियों और शायरों ने अनेक रचनाएं लिखीं। जिनमें कई ने तो लोकगीतों सा दर्जा हासिल कर लिया। लोकगीतों और लोकनाटकों में तो भगतसिंह के संघर्ष और शहादत स्वाभाविक रूप से दर्ज है ही, लिखित साहित्य में भी उनके इंकलाबी जीवन और विचारों को जगह मिली।
भगतसिंह ने क्रांतिकारी कार्यक्रम के मसौदा में लिखा था- ‘‘भारत सरकार का प्रमुख लार्ड रीडिंग की जगह यदि सर पुरुषोत्तमदास ठाकुरदास हों तो उन्हें (जनता को) उससे क्या फर्क पड़ेगा, यदि लार्ड इरविन की जगह सर तेज बहादुर सप्रु आ जाएं।’’ प्रेमचंद की कहानी आहुति की नायिका रूपमणि के विचारों में भगतसिंह के विचारों की अनुगूंज स्पष्ट रूप से सुनाई पड़ती है। वह कहती है- ‘जिन बुराइयों को दूर करने के लिए आज हम प्राणों को हथेली पर लिए हुए हैं, उन्हीं बुराइयों को क्या प्रजा इसलिए सिर चढ़ाएगी कि वे विदेशी नहीं, स्वदेशी हैं? कम-से-कम मेरे लिए तो स्वराज्य का यह अर्थ नहीं है कि जॉन की जगह गोविंद बैठ जाएं। मैं समाज की ऐसी व्यवस्था देखना चाहती हूं, जहां कम-से-कम विषमता को आश्रय मिले।’ पांडेय बेचन शर्मा उग्र की कहानी ‘उसकी मां’ पर भगतसिंह और उनके साथियों की शहादत का स्पष्ट प्रभाव नजर आता है। भगत सिंह की शौर्यगाथा पर महाकाव्य और खंडकाव्य के साथ कई कविताएं लिखी गयीं। श्री कृष्ण सरल ने 'सरदार भगतसिंह' नामक महाकाव्य लिखा। शैलेंद्र ने भगतसिंह के सपनों के विपरीत व्यवहार करने वाली शासन-व्यवस्था पर तंज करते हुए लिखा- भगतसिंह! इस बार न लेना काया भारतवासी की/ देशभक्ति के लिए आज भी सजा मिलेगी फांसी की। नागार्जुन ने अपनी कविता में लिखा- जो नहीं हो सके पूर्ण-काम/ मैं उनको करता हूं प्रणाम। उन्होंने ही ‘भोजपुर’ कविता में लिखा कि भगतसिंह ने नया-नया अवतार लिया है। दरअसल 1947 की स्वतंत्रता के बाद जब देश में वास्तविक आज़ादी और जनतंत्र के लिए क्रांतिकारी कम्युनिस्टों ने जान हथेली पर लेकर संघर्ष शुरू कर दिया तो भगतसिंह जैसे क्रांतिकारी उनके लिए प्रेरक और मार्गदर्शक बन गए। नक्सलबाड़ी विद्रोह से उभरे जिस क्रांतिकारी आंदोलन को शासकवर्ग ने अपने जानते पूरी तरह कुचल दिया था वह भोजपुर में नए सिरे से उभर उठा। भोजपुरी और  हिन्दी के क्रांतिकारी जनकवि रमाकांत रमता द्विवेदी ने लिखा- भगत-आजाद-उधम का जो फिर अवतार हो जाए/ तो बेशक जालिमों का अंत अबकी बार हो जाए। रमता जी ने स्वतंत्रता संघर्ष की शुरुआत गांधीवाद से की थी, पर भगतसिंह की शहादत के बाद वे ‘विप्लव के विकट उपासक’ बन गए। कहना न होगा कि इंकलाबी सपनों के लिए भगतसिंह की शहादत ने कई साहित्यकारों को गहरे तौर पर प्रभावित किया। माखनलाल चतुर्वेदी जैसे कवि भले गांधी जी केअसहयोग आंदोलन  के प्रभाव में चले गए थे, पर मातृभूमि पर शीश चढ़ाने वाले वीरों के लिए समर्पित होने की अभिलाषा रखने वाले पुष्प की तरह क्रांतिकारियों के प्रति उनकी सहानुभूति कम नहीं हुई थी। उन्होंने अपने अखबार ‘कर्मवीर’ में गांधी जी के कहने के बावजूद भगतसिंह और उनके साथियों के विरोध में कुछ भी छापने से इनकार कर दिया था। 1947 के बाद भारत की आजादी के बाद इस देश में जनतंत्र के विस्तार और उसकी रक्षा के लिए होने वाले आंदोलनों के लिए भगतसिंह स्थायी प्रेरणा बन गए। अस्सी के दशक में उभरे किसान आंदोलनों के दौरान गुरशरण सिंह का नाटक ‘इंकलाब जिंदाबाद’ बहुत चर्चित हुआ। 
आज ‘भगतसिंह और उनके साथियों के दस्तावेज’ सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकों में है। पंजाबी के क्रांतिकारी कवि अवतार सिंह पाश ने उन पर ‘23 मार्च’ शीर्षक से एक कविता लिखी। इक्कीसवीं सदी में मनोज शर्मा ने समकालीन पंजाबी कवियों द्वारा लिखी गई कविताओं का एक संग्रह संपादित किया। उसमें शामिल एक कविता में बलबीर परवाना ने उन्हें लोकजाया कहा है, दूसरी कविता में जगतार ने उन्हें लोक-आवाज बताते हुए लिखा है- लोक-आवाज दबाई नहीं जा सकती कभी/ कुचली जा नहीं सकती। भारतीय संसद में भगतसिंह की प्रतिमा की शक्लोसूरत पर सवाल उठे तो पाकिस्तान की शायरा फहमीदा रियाज ने 'भगतसिंह की मूरत' नाम की एक नज़्म लिखी। 
भगतसिंह अपनी सोच में कितने जनतांत्रिक और संवादधर्मी रहे होंगे, इसका उदाहरण उनके द्वारा लिखी गयी ‘ड्रीमलैंड की भूमिका’ की आखिरी पंक्ति के रूप में देखा जा सकता है- ‘‘कृपया आंख मूंदकर इस पर अमल करने के लिए या इसमें जो कुछ लिखा है उसे वैसा ही मान लेने के लिए इसे न पढ़ें। इसे पढ़ें, इसकी आलोचना करें, इस पर सोचें और इसकी सहायता से स्वयं अपनी समझदारी बनाएं।’’
क्रांतिकारी शिव वर्मा ने जेल में हुई भगतसिंह और राजगुरु से आखिरी मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा है कि वे ब्रिटिश हुकूमत के बारे में कह रहे थे कि ‘‘ वे सोचते हैं कि मेरे पार्थिव शरीर को नष्ट करके वे इस देश में सुरक्षित रह जाएँगे। यह उनकी भूल है। वे मुझे मार सकते हैं, लेकिन मेरे विचारों को नहीं मार सकते। वे मेरे शरीर को कुचल सकते हैं, लेकिन मेरी भावनाओं को नहीं कुचल सकेंगे।’’ जाहिर है वे विचार जिंदा हैं, इसलिए भगतसिंह भी जिंदा हैं- समाज और राजनीति में भी और साहित्य में भी।
 भगतसिंह और उनके सथियों के क्रांतिकारी आंदोलन के अध्येता प्रो. चमनलाल ने उन पर लिखी गई किताबों, पत्रिकाओं और स्मारिकाओं की जो सूची दी है उसमें केवल हिन्दी की पुस्तकों और पत्रिकाओं की संख्या 171 है।  जाहिर है इनमें अनेक कविताओं और लोकगीतों की संख्या दर्ज नहीं है। 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजेश कमल की कविताएंँ

कुबेर दत्त : एक हरफनमौला रचनाकार