राजेश कमल की कविताएंँ



1. नये शब्द


कुछ सौ शब्द हैं

जो बरसों से

एक ही कक्षा में चक्कर काट रहे हैं


हिंदी कविता

उस जड़ गुरुत्व के बीच

अपना अस्तित्व तलाश रही है


नए शब्द इन दिनों

स्त्रियों के साथ आते हैं


उन्हीं की स्याही से

तमाम अनसुनी ध्वनियाँ आ रही हैं


वे भाषा की सूखी देह में

नई ऋतुओं का रक्त भरती हैं


और हम

अब भी

पुराने शब्दों की राख में

अपनी आग तलाश रहे हैं


2. फ़रवरी

हम बारामासा प्रेमियों के लिए

फ़रवरी

प्रेम का बारहवाँ हिस्सा है

बस्स!


इसे मतले का दूसरा मिसरा कह सकते हैं

आगे आने हैं शे'र कई

और इस ग़ज़ल में मक़्ते का शे'र

नहीं आना है


हम लानत देते हैं उन नामुरादों को

जिन्होंने इस माह को दिया राजमुकुट


हम बारामासा प्रेमियों के लिए

फ़रवरी

प्रेम का बारहवाँ हिस्सा है

बस्स!



3. एक रूठे हुए दोस्त के लिए

ये खुशियों के पल

निठल्ले नहीं हैं

बुहार ले जायेगा

वक़्त इन्हें

और हम देखते रह जायेंगे

हाथ हिलाते रह जायेंगे यूँ ही

और इन विरल लम्हों में

रूठ जाते हो तुम

जरा जरा सी बात पर


सुनो दोस्त

इत्ती सी बात पर रुठो मत

कि आज के दौर में

मुस्कुराने के सबब

मुश्किल से मिलते हैं






टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भगतसिंह और साहित्य

कुबेर दत्त : एक हरफनमौला रचनाकार